

▸ धर्माध्यक्ष डॉ. युजिन जोसेफ व फादर सी. थॉमस ने किया उद्घाटन
▸ प्रार्थना, फीता कटिंग व सम्मान समारोह के साथ संपन्न हुआ आयोजन
गाजीपुर (हार्टमनपुर): 19 मार्च 2026 को Hartmann Inter College, हार्टमनपुर में नव निर्मित ‘हॉर्टमन भवन’ का विधिवत शुभारंभ वाराणसी धर्मप्रान्त के धर्माध्यक्ष Dr. Eugene Joseph तथा वाराणसी डायसिस के शिक्षा सचिव Father C. Thomas के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई विद्यालय के प्रबंधक Father P. Victor ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ फादर पी. विक्टर द्वारा हार्टमनपुर के संक्षिप्त परिचय से हुआ, जिसके बाद धर्माध्यक्ष द्वारा प्रार्थना कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया गया। इसके उपरांत विद्यालय के जीव विज्ञान अध्यापक राजकुमार राम एवं छात्र अमन के हाथों फीता काटकर मुख्य द्वार का उद्घाटन किया गया।
तत्पश्चात फादर पी. विक्टर ने मुख्य द्वार का ताला खोलकर भवन में प्रवेश कराया, जिसकी चाबी भवन निर्माता जयप्रकाश शर्मा द्वारा अर्पित की गई। भवन में प्रवेश के बाद दीप प्रज्वलन किया गया तथा पुनः सामूहिक प्रार्थना आयोजित हुई, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में भवन निर्माता जयप्रकाश शर्मा एवं आर्किटेक्ट सूरज को धर्माध्यक्ष द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। समापन धन्यवाद गीत के साथ हुआ तथा सभी उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह ने क्षेत्र में शैक्षिक विकास को नई दिशा देने का संदेश दिया।



