
कड़ी मेहनत और लगन से पाई सफलता, परिवार व गांव में खुशी का माहौल
जौनपुर।
खुटहन ब्लाक क्षेत्र के खुदावंदपुर गांव निवासी शुभम मौर्य ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सहायक समीक्षा अधिकारी पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है।शुभम की सफलता को लेकर क्षेत्र के लोगों में गर्व और उत्साह देखा जा रहा है।
शुभम मौर्य की माता शशिकला देवी तथा पिता स्वर्गीय राकेश मौर्य हैं। साधारण परिवार से आने वाले शुभम ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार मेहनत और लगन के साथ तैयारी की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित अध्ययन और अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाया।यूपीपीएससी की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में चयनित होकर सहायक समीक्षा अधिकारी बनने पर परिजनों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। गांव के लोगों ने भी इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुभम की सफलता से गांव के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।शुभम मौर्य ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी माता, गुरुजनों, मित्रों तथा बड़े भाई के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के निरंतर प्रोत्साहन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक लोगों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।



