नारी सम्मान व सशक्तिकरण के संदेश के साथ लगाए प्रेरक नारे
हस्ताक्षर अभियान चलाकर महिलाओं के अधिकारों के प्रति जताई प्रतिबद्धता
जौनपुर:
गांधी स्मारक पीजी कालेज, समोधपुर में शुक्रवार को ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने एक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर महिला एकता और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
मानव श्रृंखला के दौरान छात्राओं ने ‘नारी का सम्मान, राष्ट्र का अभिमान’, ‘नई संसद, नया विश्वास, नारी शक्ति का विकास’, ‘महिला सशक्तिकरण का नया दौर, नारी शक्ति वंदन अधिनियम की ओर’ तथा ‘नारी शक्ति की वंदना, भारत का अभिनंदन’ जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. रणजीत कुमार पांडेय ने की। इस अवसर पर डॉ. अविनाश वर्मा, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. जितेंद्र, डॉ. विष्णुकांत त्रिपाठी सहित अन्य प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने समाज में नारी सम्मान और समानता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।



