पूर्वांचल विश्वविद्यालय कैरी के परिणाम भी समर्थ पोर्टल पर
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर व गाजीपुर जनपद के महाविद्यालयों में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्नातक (यूजी) एवं एलएलबी पाठ्यक्रमों के विषम सेमेस्टर के बहुप्रतीक्षित परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं।
जारी परिणामों में बीएससी प्रथम कैरी, तृतीय व पंचम सेमेस्टर, बीकॉम प्रथम कैरी, तृतीय व पंचम सेमेस्टर तथा एलएलबी प्रथम कैरी, तृतीय व पंचम सेमेस्टर के परीक्षार्थी शामिल हैं। परिणाम घोषित होते ही छात्र-छात्राओं में उत्सुकता और हलचल तेज हो गई है।कॉलेज परिसरों और सोशल मीडिया समूहों में रिजल्ट को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी संबंधित पाठ्यक्रमों का परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और समर्थ पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। विद्यार्थी अपने रोल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन अंकपत्र देख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी छात्र को अंकपत्र में त्रुटि प्रतीत होती है तो वह नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकता है।विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों को भी निर्देशित किया है कि वे छात्रों को परिणाम देखने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग करें।



