31 मार्च तक सभी परिणाम घोषित करने का निर्देश
परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि भी 25 मार्च तय
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सोमवार को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने परिणाम घोषित करने की समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने महाविद्यालयों द्वारा आंतरिक एवं प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंक अपलोड न करने पर नाराजगी जताते हुए 25 मार्च तक सभी सेशनल और प्रैक्टिकल अंक अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया।
कुलपति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित तिथि तक अंक अपलोड न करने वाले महाविद्यालयों के परिणाम रोक दिए जाएंगे।साथ ही विश्वविद्यालय स्तर पर सभी स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के परिणाम 31 मार्च तक घोषित करने का निर्णय लिया गया।बैठक में परीक्षा सत्र 2026 के अंतर्गत परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया को भी समयबद्ध करने पर जोर दिया गया। कुलपति ने निर्देश दिए कि सभी महाविद्यालय 25 मार्च तक छात्रों के परीक्षा फार्म ऑनलाइन भरवाना सुनिश्चित करें।गौरतलब है कि 11 अप्रैल से सम-सेमेस्टर (रेगुलर) परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जिसके मद्देनजर समय-सीमा का पालन अनिवार्य बताया गया।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि स्नातक के 13 पाठ्यक्रमों के परिणाम पहले ही जारी किए जा चुके हैं, जबकि स्नातकोत्तर के कई पाठ्यक्रमों के परिणाम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। टेक्निकल सेल प्रभारी डॉ. अमरेंद्र सिंह ने शेष परिणाम दो दिनों में जारी करने का भरोसा दिलाया।बैठक में उपकुलसचिव अजीत प्रताप सिंह, प्रो. सौरभ पाल, प्रो. मिथिलेश सिंह, प्रो. गिरिधर मिश्र, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अशोक यादव, डॉ. विशाल व डॉ. सुधीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



