समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा को बताया विश्वविद्यालय की पूंजी
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में बुधवार को दो वरिष्ठ कर्मचारियों-डॉ. अमित सिंह वत्स (कंप्यूटर प्रोग्रामर) एवं रामजी सिंह (पूर्व अध्यक्ष, कर्मचारी संघ) के 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय परिवार ने दोनों के दीर्घकालीन योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
अध्यक्षता करते हुए कुलसचिव केशव लाल ने कहा कि डॉ. अमित सिंह वत्स ने तकनीकी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि राम जी सिंह ने कर्मचारी हितों और प्रशासनिक समन्वय में उल्लेखनीय योगदान दिया।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि दोनों की कार्यशैली, अनुशासन और प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।अन्य वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में दोनों कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और संस्थान के प्रति समर्पण की सराहना की।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रगति में उनकी भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। वक्ताओं ने उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की।समारोह के अंत में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नंदकिशोर सिंह रजनीश सिंह, सुशील विश्वकर्मा, जगदंबा मिश्रा आदि उपस्थित रहे।संचालन डॉ. राजेश सिंह ने किया।



