जिले में शोक की लहर, पैतृक गांव में उमड़ने लगा लोगों का सैलाब
जौनपुर।
उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री एवं सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव के पिता सवधु यादव (90) का मंगलवार शाम 6:30 बजे लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले 15 दिनों से बीमार थे और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज चल रहा था।
निधन की सूचना मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई। उनका पार्थिव शरीर अभी लखनऊ से पैतृक गांव समसपुर पनियरिया (करंजा कला ब्लॉक) नहीं लाया गया है, लेकिन इसके बावजूद गांव में लोगों का आना शुरू हो गया है। ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक घर पर जुटकर गहरे दुःख में एक-दूसरे को सांत्वना देते नजर आए।गांव के लोग उन्हें उनके सरल, शांत और मिलनसार स्वभाव के लिए याद कर रहे हैं। लंबे समय तक सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के कारण क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान थी। लोगों की समस्याएं सुनना और गांव के विकास में सहयोग करना उनके स्वभाव का हिस्सा था।निधन की खबर लगते ही जिलेभर से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया। सांसदों, विधायकों, मंत्रियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने फोन पर संवेदना प्रकट की। कुछ जनप्रतिनिधि और परिचित परिजनों से मिलने लखनऊ भी रवाना हो गए हैं।परिजनों के अनुसार अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। पूरे क्षेत्र में शोक की गहरी छाया है और पैतृक गांव में भीड़ निरंतर बढ़ रही है।



