


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राजघाट में किया सम्मानित
पूर्वांचल में नवाचार, नेतृत्व और शैक्षिक योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह को पूर्वांचल क्षेत्र में शिक्षा, नवाचार और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘माटी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विगत मंगलवार को नई दिल्ली स्थित गांधी दर्शन परिसर, राजघाट में आयोजित ‘पूर्वांचल महोत्सव माटी-9’ कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रदान किया।कार्यक्रम का आयोजन ‘माटी’ संस्था तथा गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया।
सम्मान ग्रहण कर विश्वविद्यालय पहुंचने पर बुधवार को कुलपति सभागार में अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने प्रो. वंदना सिंह का स्वागत करते हुए इसे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि यह सम्मान उन्हें निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि निष्काम भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन ही सच्ची सफलता का मार्ग है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया।कुलसचिव केशलाल ने इसे उत्कृष्ट नेतृत्व, दूरदर्शिता और शिक्षा के क्षेत्र में सतत नवाचार का प्रतीक बताया।परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि यह सम्मान समूचे विश्वविद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है, जो शिक्षकों, प्राचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. मनोज मिश्रा ने किया। समारोह में विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



