नवोदय विद्यालय की छात्राओं ने विश्वविद्यालय में किया शैक्षणिक भ्रमण
विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुआ कार्यक्रम
जौनपुर।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय, जौनपुर के सहयोग से 12वीं की छात्राओं के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में एक शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।छात्राओं को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में लड़कियों के लिए असीम संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि आज की लड़कियां हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। विज्ञान में भी महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है और विज्ञान ज्योति कार्यक्रम छात्राओं को इस क्षेत्र में रुचि बढ़ाने में मदद करेगा।विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश शर्मा ने विज्ञान में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए डीएनए खोज समेत कई अन्य वैज्ञानिक उपलब्धियों में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान के क्षेत्र में आधी आबादी की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है।रज्जू भैया संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि विज्ञान और तकनीकी के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी कम होने के कई कारण हैं, जिन्हें दूर करना जरूरी है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत छात्राओं ने प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिकीय विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के विभिन्न विभागों, जैसे भौतिक, रसायन, गणित, भू एवं ग्रहीय विज्ञान और नैनो साइंस व रिन्यूएबल एनर्जी केंद्र का भ्रमण किया। साथ ही, उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी, सूक्ष्म जीव विज्ञान, पर्यावरण विज्ञान और जैव रसायन विभागों की प्रयोगशालाओं और शोध गतिविधियों से परिचित कराया गया।यह कार्यक्रम विज्ञान ज्योति के नोडल अधिकारी डॉ. नितेश जायसवाल की देखरेख में आयोजित हुआ। जवाहर नवोदय विद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक बाल कृष्ण ने विज्ञान ज्योति के उद्देश्य को समझाया। कार्यक्रम का संचालन शोध छात्रा प्रिया सिंह ने किया, और इस अवसर पर डॉ. मनीष गुप्ता, साधना विश्वकर्मा, संजय वर्मा भी उपस्थित रहे।