प्लेसमेंट ड्राइव में मैकेनिकल व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्रों ने मारी बाजी
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित जिंदल शॉ लिमिटेड की प्लेसमेंट ड्राइव में इस वर्ष 12 मेधावी छात्रों का चयन हुआ है। चयनित छात्रों में चार मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग तथा आठ इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्र शामिल हैं।
कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने सभी चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार प्रयासों के चलते प्रतिष्ठित कंपनियां परिसर में आकर प्लेसमेंट कर रही हैं।
मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. संदीप सिंह, प्रो. रजनीश भास्कर, डॉ. दीप प्रकाश सिंह एवं डॉ. अनुराग सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई।ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय व बहुराष्ट्रीय कंपनियों से समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करता है।चयनित छात्रों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विपिन कुमार, राहुल कुमार गुप्ता, राज पांडे, दिव्यांशु सिंह तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के अमन कुमार मौर्य, अभिषेक कुशवाहा, संदीप, विवेक, नीरज चौहान, साहिल कुमार, राज, आदेश श्रीवास्तव एवं सत्यम विक्रम सिंह शामिल हैं।इस अवसर पर कुलसचिव, वित्त अधिकारी एवं परीक्षा नियंत्रक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे और छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



