







अनुशासन, सुरक्षा और देशप्रेम का मिला जीवंत अनुभव
एसएचओ योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बच्चों को दी पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी
रसड़ा (बलिया):
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर किड्ज़ी रसड़ा, बलिया के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों को सोमवार को एक शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक क्षेत्र भ्रमण के अंतर्गत स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, सुरक्षा, देशप्रेम तथा नागरिक कर्तव्यों की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
पुलिस स्टेशन पहुंचने पर विद्यार्थियों का स्टेशन हाउस ऑफिसर योगेन्द्र बहादुर सिंह ने आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने सरल एवं रोचक भाषा में बच्चों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी और देश सेवा में पुलिस की भूमिका के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने उत्सुकता के साथ प्रश्न पूछे और पुलिस के कार्यों को नजदीक से समझा।गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगे की शान, देशभक्ति गीतों और “जय हिंद” के नारों से पुलिस स्टेशन परिसर देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत नजर आया। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ झलक रहा था।इस आयोजन में किड्ज़ी रसड़ा के निदेशक आदित्य नारायण सिंह का विशेष मार्गदर्शन रहा। विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों—आलिया, अंकिता, पूर्णिमा, निदा, प्रगति, शमा एवं गोल्डन जोसेफ-ने बच्चों की सुरक्षा, देख-रेख और अनुशासन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।क्षेत्र भ्रमण न केवल बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ,बल्कि उनमें देश के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और गर्व की भावना को भी मजबूत करने में सहायक रहा।किड्ज़ी रसड़ा, बलिया भविष्य में भी इस प्रकार के संस्कारयुक्त एवं शिक्षाप्रद आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध है।



