
जौनपुर।
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के षष्ठम दिवस पर साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य एवं राष्ट्रप्रेम विषय पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
प्रथम सत्र में साइबर क्लब के नोडल अधिकारी एवं जनसंचार विभाग के शिक्षक डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर ने साइबर सुरक्षा पर व्याख्यान देते हुए कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता बेहद जरूरी है। छोटी-छोटी सावधानियों से बड़े साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने ‘संचार साथी’ मोबाइल ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी।इसके बाद वेलनेस सेंटर की नोडल अधिकारी डॉ. अन्नू त्यागी ने ‘युवा और मानसिक स्वास्थ्य’ विषय पर कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और भावनात्मक संतुलन से जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं।
अगले सत्र में प्रो. हरिओम त्रिपाठी एवं डॉ. ममता सिंह ने शहीद दिवस पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है। उनके आदर्शों का अनुसरण ही सच्ची श्रद्धांजलि है।स्वयंसेवकों ने भाषण, नाटक और प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों को याद किया। भोजनावकाश के बाद पदयात्रा निकालकर राष्ट्रप्रेम और जागरूकता का संदेश दिया गया।इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अजय मौर्य, डॉ. विशाल यादव, डॉ. प्रमेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ. शशिकांत यादव एवं डॉ. अनुराग मिश्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



