दो बाइक से पहुंचे छह युवकों ने कर्मचारियों से की हाथापाई, एक आरोपी व बाइक पुलिस के हवाले
पेट्रोल पंप जलाने व संचालक को गोली मारने की धमकी का आरोप, सख्त कार्रवाई की मांग
जौनपुर।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के डालहनपुर मोड़ के समीप शाहगंज-जौनपुर मार्ग स्थित कारगिल पेट्रोल पंप पर 26 मार्च की रात दबंगई और मारपीट की घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। आरोप है कि दो बाइक पर सवार छह युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और किसी बात को लेकर कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो एक बाइक पर सवार चार युवक मौके से फरार हो गए। वहीं घटना में शामिल एक युवक को पेट्रोल पंप संचालक व कर्मचारियों ने पकड़ लिया। उसकी बाइक भी मौके पर ही छूट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को पकड़ा गया युवक और बाइक सौंप दी गई।
आरोप है कि बाद में पुलिस ने बिना ठोस कार्रवाई किए युवक को छोड़ दिया। इसे लेकर पेट्रोल पंप संचालक सुरेंद्र यादव व स्थानीय लोगों में आक्रोश है।संचालक का आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने पेट्रोल पंप को आग लगाने और उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।सुरेंद्र यादव ने पुलिस प्रशासन से सभी आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने भी कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ेगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।



